अखंड रामायण की तरह ही कानपुर नगर निगम अब शहर में 111 घंटे का अखंड सफाई अभियान चलाएगा। 28 सितंबर से 2 अक्तूबर तक विभिन्न इलाकों में अनवरत सफाई चलती रहेगी। इसके जरिए विश्व रिकार्ड बनाने की कोशिश होगी। 
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने इस अभियान की रूपरेखा तय करने का दायित्व अपर नगर आयुक्त अमृत लाल बिंद को सौंपा है। अभी तक वर्ष 2016 में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा घोषित क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी के तहत सफाई का विश्व रिकार्ड बनाने की कोशिश लखनऊ और बुलंदशहर में हो चुकी है। लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में इसे भेजा गया था। लखनऊ में 51 घंटे अनवरत सफाई हुई थी और बुलंदशहर के सिकंदराबाद में 36 घंटे तक। यहां यह अभियान बुलंदशहर के युवक निकुंज द्वारा चलाया गया था। पहली बार किसी नगर निगम ने यह बीड़ा उठाया है।
पिछली टीम अगली टीम को थमाएगी झाड़ू
फिलहाल इस अभियान की पूरी रूपरेखा तैयार नहीं हुई है, मगर योजना के मुताबिक यह काम शिफ्टों में होगा। जिस तरह मशाल लेकर एक खिलाड़ी निकलता है और एक या दो किलोमीटर बाद दूसरे को थमा देता है, ठीक उसी तरह नगर निगम की टीम अगली टीम को झाड़ू थमाती रहेगी। रात-दिन बिना रुके शहर में झाड़ू भी चलेगी और कूड़ा भी उठता रहेगा। इस दौरान मलबे तक हटा दिए जाएंगे। कूड़े का डंपिंग स्टेशन भी साफ नजर आएगा। इस काम में 7000 कर्मचारी लगाए जाएंगे। कुछ निजी संगठनों को भी साथ लेने की तैयारी की जा रही है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal