Saturday , April 27 2024

यूपी में भाजपा सरकार बनी तो बूचड़खाने होंगे बंद : शाह

अमेठी। कांग्रेस के गढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी पर जमकर चुटकी ली, साथ ही उन्होंने यूपी की सपा सरकार को आड़े हाथों लिया।

मंच से अमित शाह ने घोषणा की कि यदि यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो उसी दिन आधी रात से बूचड़खाने बंद हो जाएंगे। इसके लिए अध्यादेश पारित किया जाएगा।

नगर के रामलीला मैदान में गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी गरिमा सिंह के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करने अमित शाह वायुयान से सीधे अमेठी पहुंचे।

खेरौना हेलीपैड पर उतरने के बाद वे रामलीला मैदान मंच पर आए जहां मंत्रोच्चार के बाद माल्यार्पण हुआ। उसके बाद अमित शाह ने माइक संभाला। उन्होंने कहा कि दो चरण के चुनाव हो चुके हैं।

यूपी में भाजपा की सरकार बन रही है। भ्रष्टाचार जातिवाद और धर्मवाद का खात्मा होने जा रहा है। प्रदेश का युवा परिवर्तन के लिए कदम बढ़ा चुका है। संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार का हवाला देते हुए उन्होंने सपा और कांग्रेस पर तंज कसा।

उन्होंने कहा राहुल बाबा प्रधानमंत्री से हिसाब मांग रहे हैं। उन्हें 2019 में पाई-पाई का हिसाब दिया जाएगा। उन्होंने केन्द्र सरकार की 93 समाजवादी योजनाओं को गिनाया और बताया कि उप्र सरकार की वजह से ये जनता तक नहीं पहुंच पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, बसपा ने दागियों को टिकट दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने गायत्री प्रजापति और शिवपाल यादव का नाम लेकर अखिलेश पर कटाक्ष किया। उन्होंने युवाओं को बगैर भेदभाव के लैपटॉप देने व तृतीय चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में इंटरव्यू समाप्त करने की घोषणा की।

इससे पूर्व पार्टी प्रत्याशी गरिमा सिंह ने अपने सम्बोधन में अमेठी की जनता से न्याय मांगा। कार्यक्रम को पार्टी के कई बड़े नेताओं और स्थानीय नेताओं ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रमुख अंजनी कुमार सिंह उर्फ डब्बू सिंह बसपा छोड़कर व राजेश पाण्डेय कांग्रेस छोड़कर अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com