Friday , April 26 2024

लखनऊ में विधान भवन के सामने राज्यपाल राम नाईक के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी ली

देश का 70वां गणतंत्र दिवस आज देश के अन्य राज्यों की तरह ही उत्तर प्रदेश में भी काफी धूमधाम से मनाया जा रहा है। लखनऊ में विधान भवन के सामने राज्यपाल राम नाईक के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी ली। इससे पहले राज्यपाल ने राजभवन तथा सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर झंडारोहण किया।

विधान भवन के सामने 16 जाट रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल राकयांश यदुवंशी परेड कमांडर ने राज्यपाल राम नाईक को सलामी दी। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक ने कहा गणतंत्र दिवस पर देश के नागरिकों को बधाई। उन्होंने कहा कि यह वर्ष उत्तर प्रदेश में दो कारणों से महत्वपूर्ण होगा। पहला तो कुंभ और दूसरा लोकसभा चुनाव। उन्होंने कहा कि अब मतदान बेहद ही महत्वपूर्ण काम है। हर मतदाता मतदान का प्रयोग जरूर करे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हम सबको अपनी गौरवशाली परंपरा और संविधान पर गर्व की अनुभूति करनी चाहिए। आज हम सब भारत के संविधान के कारण ही बिना किसी भेद-भाव के शासन की योजनाओं का समान रूप से लाभ ले पा रहे हैं।

गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराता है। यह राष्ट्रीय पर्व हमें आत्मचिंतन करने तथा महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि हमारे देश ने आज ही के दिन वर्ष 1950 में अपना संविधान अंगीकार किया था। भारतीय संविधान ने सम व विषम परिस्थितियों में देश को संबल दिया है। भारत के गणतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश पूर्णतया प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1950 में आज ही के दिन हमारे देश का संविधान लागू किया गया था। आइये आज हम सब मिलकर भारत एवं संविधान के प्रति श्रद्धावान एवं सच्ची निष्ठा रखने के संकल्प को दोहराएं। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सभी भारतवासियों को 70वें गणतंत्रदिवस की हार्दिक शुभकामनायें।

लखनऊ में गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में झंडा रोहण किया गया। वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने यहां पर झंडा रोहण किया। इस दौरान वहां पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता थे।

डीजीपी ओपी सिंह ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी। एडीजी एलओ को वीरता के लिए पुलिस पदक मिला है। डीजीपी ने कहा आज खुशी का मौका है। प्रदेश के वीर पुलिसकर्मियों को आज सम्मानित किया गया है। 

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com