मुंबई। बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री भूमिका चावला आज 40 साल की हो चुकी हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर एक नजर डालते है उनके अब तक के बॉलीवुड सफर पर। भूमिका का जन्म 21 अगस्त 1978 को नयी दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ। भूमिका के पिता आर्मी अफिसर और मां टीचर रही हैं। दिल्ली में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 1997 में बतौर अभिनेत्री बनने का सपना लिए हुए वह मुंबई आ गई।
मुंबई आने के बाद उन्हें कुछ विज्ञापन फिल्मों में काम करने का अवसर मिला। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत तेलगु फिल्म इंडस्ट्री से की। वर्ष 2000 में प्रदर्शित तेलगू फिल्म युवाकुडू बतौर अभिनेत्री उनकी पहली फिल्म थी। वर्ष 2001 में भूमिका की दूसरी फिल्म खुशी रिलीज हुई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए और इस फिल्म के लिए चावला को बेस्ट एक्ट्रेस फिल्म फेयर अवार्ड (तेलगू) से सम्मानित किया गया। इसके बाद भूमिका ने कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया।
बॉलीवुड में भूमिका ने अपने करियर की शुरूआत वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म ‘तेरे नाम’ से की। इस फिल्म में भूमिका के अपोजिट सलमान खान थे। सलमान के साथ भूमिका की जोड़ी बहुत पसंद की गयी। यह फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी।
‘तेरे नाम’ की कामयाबी के बाद भूमिका ने रन, दिल ने जिसे अपना कहा, सिलसिले, दिल जो भी कहेगा, फैमिली ,गांधी माय फादर जैसी कुछ फिल्मों में काम किया लेकिन ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर विफल साबित हुई। भूमिका इन दिनों बॉलीवुड में अधिक सक्रिय नही है। दक्षिण भारतीय फिल्मों में हालांकि आज भी उनका जलवा बरकरार है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal