दिल्ली-एनसीआर में जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं सोमवार सुबह से कोहरा छाया हुआ है। कोहरे का असर दिल्ली-गुरुगांव और नोएडा-दिल्ली के रास्ते देखा गया है। इसके साथ ही ठंड भी अच्छी-खासी है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए साल की दस्तक तक इसी तरह से दिल्ली और आस-पास के इलाकों में ठंड का कहर जारी रहेगा।

उधर, कोहरे की वजह से ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है। कई ट्रेनें दो महीने के लिए पहले से ही रद हैं तो ज्यादातर ट्रेनें कोहरे के चलते देरी से चल रही हैं। वहीं, सड़कों पर भी कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे हैं। 24 दिसंबर को कोहरा और घना हो सकता है। इसके बाद कोहरा कुछ दिन तक बना रहेगा।
बता दें कि दिल्ली की ठंड रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। रविवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ, जोकि सामान्य से 4 डिग्री कम होकर 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह बीते सात सालों में सबसे ठंडा रहा। इससे पहले बीते हफ्ते में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के साथ 21.4 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में अधिकतम नमी का स्तर 97 फीसद एवं न्यूनतम नमी का स्तर 58 फीसद दर्ज हुआ।
क्यों कम दर्ज हुआ तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और आस पास के इलाकों में इन दिनों ठंडी हवा चल रही है। वहीं उतर भारत में हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दी है। अफगानिस्तान से होते हुए पाकिस्तान की तरफ से दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंडी हवा पहुंच रही है। इसके साथ नमी भी आ रही है। इन सब के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान कम दर्ज हुआ।
इस हफ्ते चल सकती है शीत लहर
स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, दिल्ली और आस पास के इलाकों में नए साल तक न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की उम्मीद है। वहीं उत्तर भारत के कई इलाकों में शीत लहर चलने जैसे हालात बन सकते हैं। इसका असर दिल्ली में भी पड़ सकता है। 1 जनवरी 2019 तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं।
25 दिसंबर को घना कोहरा छाने की आशंका
मौसम वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि दिल्ली में 25 दिसंबर को घना कोहरा छा सकता है। वहीं 31 दिसंबर तक कोहरे के साथ ही स्मॉग भी छाने की उम्मीद है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal