कुशीनगर के 2.43 लाख निर्माण श्रमिकों को मिलेगा फायदा
कुशीनगर । उत्तर प्रदेश सरकार एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के अवसर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से *डिजिटल लेबर चौक ‘ मोबाइल ऐपप्रारंभ किया गया है। इसका फायदा कुशीनगर जिले के 2.43 लाख निर्माण श्रमिकों को मिलेगा । यह जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने दी है ।
उन्होंने बताया है कि डिजिटल लेबर चौक ऐप निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों एवं अन्य नियोजकों के बीच एक प्रभावी डिजिटल सेतु के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से श्रमिकों को रोजगार की तलाश में लेबर चौकों पर घंटों प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने मोबाइल फोन से अपनी उपलब्धता दर्ज कर अपने कौशल, अनुभव तथा कार्यस्थल से संबंधित जानकारी साझा कर सकेंगे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी के अनुसार जिले के करीब 2.43 लाख निर्माण श्रमिक इस पहल से लाभान्वित होंगे। उन्होंने राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर, वेल्डर, हेल्पर सहित निर्माण कार्य से जुड़े सभी श्रमिकों से अपील की कि वे डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। साथ ही बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां, उद्योग प्रतिष्ठान, सरकारी एवं अर्धसरकारी विभाग, स्थानीय निकाय तथा अन्य नियोजकों से भी अनुरोध किया कि वे ऐप पर पंजीकरण कर अपनी श्रमिक आवश्यकता ऑनलाइन दर्ज करें।
उन्होंने बताया है कि ऐप के माध्यम से नियोजकों को आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित, अनुभवी एवं पंजीकृत श्रमिक आसानी से उपलब्ध होंगे। वहीं श्रमिक अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। जीपीएस आधारित सुविधा के माध्यम से उन्हें निकटतम रोजगार अवसरों की जानकारी भी प्राप्त होगी। ऐप पर श्रमिक अपना व्यक्तिगत विवरण, पहचान, कौशल, अनुभव, कार्य इतिहास, उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकेंगे। इसके आधार पर नियोजक उपयुक्त श्रमिकों का चयन कर सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे, जिससे रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी के अनुसार सभी पात्र श्रमिकों एवं नियोजकों से डिजिटल लेबर चौक ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह पहल श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगी । इस क्रम आज पडरौना एवं कसया में लेबर चौक पर श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप के संबंध में जागरूक किया गया तथा उपस्थित श्रमिक अमित सिंह, गणेश एवं सुनील कुमार का ऐप पर पंजीकरण भी कराया गया। इस अवसर पर सहायक लेखाकार संदीप मल्ल एवं वरिष्ठ सहायक रमेश राम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



