रायबरेली। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व अमेठी के सांसद राहुल गांधी ने भाजपा की केन्द सरकार पर रायबरेली व अमेठी के साथ सौतेले व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रगति विकास से होगी, मन की बात करने से नहीं। हमने अमेठी के लिए बहुत कुछ करने की कोशिश की, पर मोदी ने सब काम रोक दिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष व सांसद सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी चौधरी सुरेश कुमार निर्मल के समर्थन में छतोह कस्बे के मैदान में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। श्री गांधी के यहां पहुंचने पर प्रत्याशी सुरेश निर्मल व रजवाड़ी प्रसाद पासी, मोबीन, चन्दन, टीएन त्रिपाठी, निजाम अंसारी, खालिद हुसैन ने माला पहनाकर स्वागत किया। ब्लाक अध्यक्ष अनुराग सिंह व राहुल देव सिंह ने सांसद राहुल गांधी को प्रतीक चिन्ह भेट किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी को जब घबराहट होती है, तो वे नफरत फैलाते हैं। चुनाव के समय पर वे किसानों से सौदेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिश्ता बनाते हैं तो निभाना भी जाने। रिश्ते बनाने से नहीं, निभाने से बनते हैं। श्री गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी प्रधानमंत्री बनते ही दो करोड़ युवाओ को रोजगार देने को कहा था, लेकिन वे रोजगार नहीं दे पाये।
उन्होंने पीएम मोदी पर यह भी आरोप लगाया कि ऊँचाहार-सलोन रेलवे लाइन के काम को पीएम मोदी ने रोकवा दिया और फूड पार्क छीन लिया। जनसभा में भारी भीड़ देखकर राहुल गांधी ने कहा कि अब हमें विश्वास हो गया है कि यहां के विधायक सुरेश चौधरी ही बनेंगे। लोगो का आभार व्यक्त करते हुए भषण खत्म किया।
इसके पहले पूर्व केन्द्रीय मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मोदी अमीरांे की सरकार चलाते हैं। बनारस में मोदी ने कहा था कि गंगा माँ ने बुलाया है। अपने बेटे को बनारस में मेट्रो रेल, गंगा सफाई, रिंग रोड, सोलर लाइट आदि काम करवाकर विकास की गंगा बहायेंगे, पर बनारस में कुछ भी नहीं हुआ है। सिर्फ खोखले वादे हुए हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी सुरेश चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
इस मौके पर विधान सभा अध्यक्ष रामसजीवन यादव, रामभवन यादव, नरेन्द्र सिंह, शोभनाथ कोरी, तुलसी राम पासी व एसपी सिंह आदि मौजूद रहे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal