वर्ष 2019 में प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लडऩे की घोषणा कर चुके सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव के बागी तेवर बरकरार हैं। उन्होंने सोमवार को अपनी गाड़ी से समाजवादी पार्टी का झंडा हटा दिया। इससे जाहिर है कि वे अपने भतीजे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं।
शिवपाल सिंह यादव अपने मोर्चे पर सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को जन्माष्टमी की छुट्टी के दिन भी जनता की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी से मिलने पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में बोले, मोर्चा अब एक्टिव मोड पर आ गया है। जल्द पूरे प्रदेश में इसके गठन की शुरुआत की जाएगी। शिवपाल सिंह के चौगुर्जी स्थित आवास पर लोगों की भीड़ देखी गई। मिलने आए लोगों ने तहसील व थानों में शोषण की शिकायत की।
शिकायतें सुनने के बाद वह तत्काल जिलाधिकारी व एसएसपी से मिलने पहुंचे। करीब एक घंटा एसएसपी के आवास पर रुके और उत्पीडऩ करने वाले पुलिसकर्मियों की शिकायत की। वह जिलाधिकारी से मिलने कचहरी पहुंचे। आम आदमी को तहसील में हो रही परेशानियों के बारे में बताया। जिलाधिकारी को कई प्रार्थना पत्र भी दिए। इसकेबाद शिवपाल लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। उनके साथ पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता आदि मौजूद थे।
गाड़ी से हटाया सपा का झंडा
सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव जब शहर में निकले तो उनकी गाड़ी में लगा समाजवादी पार्टी का झंडा हटा हुआ था। फिलहाल कोई नया झंडा नहीं दिखा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal