एपल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या की छानबीन में जुटी एसआइटी बयान दर्ज करने के लिए विनय खंड स्थित सना के घर पहुंची। इस दौरान टीम के प्रभारी आइजी जोन सुजीत पांडेय व एएसपी क्राइम दिनेश कुमार सिंह के अलावा टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे।
सना के मुताबिक उन्होंने एसआइटी को वहीं बयान दिया है, जो वह पहले दिन से पुलिस और मीडिया को बताती आई हैं। उन्होंने कहा कि विवेक उन्हें घर छोडऩे जा रहे थे। गाड़ी धीरे-धीरे चल रही थी। इसी बीच पुलिसकर्मी सामने आ गए थे। गाड़ी लेकर भागने के चक्कर में विवेक ने कार पीछे की थी और फिर आगे बढ़ाई थी।
इस प्रक्रिया में कार से सिपाहियों की बाइक के अगले पहिए में दो बार ठोकर लग गई थी, जिसके बाद आरोपित प्रशांत ने विवेक को गोली मार दी थी। सना ने कहा कि जब तक आरोपित प्रशांत और संदीप को सजा नहीं मिल जाती, उन्हें जान का खतरा है। अभी तक वह एसआइटी की जांच पर भरोसा कर रही हैं। हालांकि रिपोर्ट आने के बाद वह स्पष्ट रूप से कुछ बोल सकेंगी।
इस वारदात से जुड़े तमाम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोप भी लगे हैं। इस संबंध में भी छानबीन की जाएगी और इसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal