नई दिल्ली/लखनऊ: गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में दिए गए बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इसे भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करार देते हुए आज पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने जानकारी दी कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों में विरोध मार्च निकालेंगे और जिलाधिकारी (DM) के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा लेने और उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की जाएगी।
लखनऊ में होगा प्रमुख प्रदर्शन
राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ता बेगम हजरत महल पार्क से आज दोपहर 2:30 बजे बड़े विरोध प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
डॉ. आंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं: कांग्रेस
कांग्रेस का कहना है कि अमित शाह का बयान न केवल डॉ. आंबेडकर के विचारों का अपमान है, बल्कि यह संविधान की मर्यादा को भी ठेस पहुंचाने वाला है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे जनभावनाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रपति से बर्खास्तगी की मांग
कांग्रेस ने राष्ट्रपति महोदया से अपील की है कि वह गृह मंत्री अमित शाह को तत्काल बर्खास्त करें और संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाएं।
आज के प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की बात कही है। राजधानी सहित अन्य जिलों में भी प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal