मिहीपुरवा, बहराइच। कतर्निया घाट संरक्षित वन्य जीव क्षेत्र से सटे इलाकों में तेंदुए ने दस्तक दे दी है। अभी 3 दिन पूर्व एक तेंदुआ मोतीपुर थाना परिसर में चहलकदमी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। बीती रात तेंदुए ने जंगल से सटे गांव में हमला कर एक बालिका समेत खेत में काम कर रहे किसान को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ग्रामीणों के शोर मचाने और हांका लगाने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। दोनों घायलों को सीएससी में प्राथमिक उपचार करने के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा गया। जहां पर बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेज दिया गया है। दोनों का इलाज चल रहा है। प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट बी शिव शंकर ने घटना की पुष्टि की है। तेंदुए के हमले के बाद जंगल के आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोग दहशत जदा हैं।
कतर्निया घाट संरक्षित वन्य जीव क्षेत्र के आसपास के इलाकों में तेंदुए ने अपनी दस्तक दे दी है। गुरुवार को धर्मापुर रेंज के हरखापुर गांव में तेंदुआ पहुंच गया। उसने गन्ने के खेत में काम कर रहे किसान मधु सूदन (35) पुत्र राम कुमार पर हमला कर दिया। किसान ने तेंदुए से काफी संघर्ष कर अपनी जान बचाई। उसे इलाज के लिए सीएचसी मिहीपुरवा में लाया गया।
यहां हालत गंभीर होने पर रात नौ बजे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना सुजौली थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरवा गांव की है। इस गांव निवासी सायबा (14) पुत्री वसीम खान गुरुवार रात को घर के बाहर सो रही थी। रात करीब 10 बजे के आसपास जंगल से निकल कर आए तेंदुआ ने बालिका पर हमला कर दिया। बालिका के शोर मचाने पर परिवार के लोग जागे। सभी ने हांका लगाया। जिस पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
लेकिन तेंदुए के हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। बालिका को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर बहराइच मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। रात 12 बजे हालत में सुधार न होने पर बालिका को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। डीएफओ बी शिव शंकर ने बताया कि तेंदुए ने अलग अलग गांवों में हमला किया है। जिसमें बालिका समेत दो घायल हुए हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal