“यूपी के गाजीपुर जिले में एक अजीबो गरीब घटना घटित हुई है। एक युवक ने गांव में हो रही प्रतियोगिता के दौरान प्रधानपति के पास जाकर पहले पैर छुआ,उसके बाद गले मिला और फिर चाकू से हमला कर दिया।जानें पूरा मामला।”
गाजीपुर। सैदपुर तहसील के मौधा पुलिस चौकी क्षेत्र में मकर संक्रांति पर्व पर मंगलवार को क्षेत्र के मौधा गांव में खेल-कूद प्रतियोगिता करा रहे प्रधानपति पर एक युवक ने चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। तत्काल उन्हें उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। जबकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हर वर्ष की भांति इस बार भी मौधा गांव के प्रधानपति अनिल खरवार मकर संक्रांति के मौके पर अपने गांव के खेल मैदान में खेल-कूद प्रतियोगिता करा रहे थे। प्रतियोगिता चल रही थी, तभी एक युवक प्रधानपति की ओर आगे बढ़ा।
पहले तो किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया। क्योंकि कईं लोग अनिल खरवार के गले मिले। उन्हें खेल-कूद प्रतियोगिता व मकर संक्रांति पर्व की बधाई दे रहे थे। युवक ने आगे बढ़कर प्रधानपति के पैर छुए और गले मिला। तभी अगले ही पल हंगामा हो गया। क्योंकि जब तक लोग कुछ समझते, युवक ने चाकू से कई वार अनिल खरवार के गले और कनपटी पर कर दिए।
यह भी पढ़ें : महाकुम्भ में पहली बार असमिया संस्कृति का रंग,मनाया गया ये पर्व?
अनिल बुरी तरह घायल हो गए। आगे से गला उनका कट गया वहीं बाईं कनपटी से लेकर गाल तक का हिस्सा बुरी तरह ज़ख़्मी हो गया। प्रतियोगिता बंद करा दी गई। सब तरफ हल्ला हो गया। प्रधानपति को लाद फांद कर लोग अस्पताल की ओर भागे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मौधा चौकी प्रभारी वासुदेव प्रसाद ने बताया कि आरोपी विकास चौहान मौधा के सरसईं गांव का रहने वाला एक विक्षिप्त है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
प्रधानपति अनिल खरवार के साथ हुई चाकू बाजी की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। कुछ लोगों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। जबकि कुछ लोग चुनावी रंजिश को भी इस घटना का परिणाम बता रहे हैं।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal