बहराइच। नेपाल से तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में अफीम लेकर आ रहे पति-पत्नी को एसएसबी के जवानों ने चेक पोस्ट पर जांच के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद हुई है। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। एसएसबी ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गये दोनों अभियुक्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें: हमारा सपना है हर डिवाइस में हो भारत निर्मित चिप : प्रधानमंत्री
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि रुपईडीहा बीओपी के इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह, एएसआई संतोष कुमार विश्वास व उपेंद्र सिंह का. गजेंद्र सिंह आदि के साथ महिला कांस्टेबल सविता दास, टी यमुना आदि लोग नेपाल से आने वाले महिला व पुरूषों की सघन जांच कर रहे थे। जवानों ने नेपाल से रुपईडीहा आते समय मंगलवार की शाम 5 बजे एक नेपाली पति-पत्नी को शक होने पर रोका। उन दोनों के झोले की तलाशी लेने पर उनके पास से 2 किलो 1 सौ 60 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनो को कैम्प कार्यालय में लाकर पूछताछ की गई तो दोनो ने बताया कि हमे अफीम रुपईडीहा के एक दुकानदार को देनी थी। एक व्यक्ति ने नेपालगंज में इसे हमे दिया था। हम लोग अनजान थे। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान 50 वर्षीय बारी लाल घर्ती पुत्र स्व. शेर बहादुर घर्ती व पत्नी 39 वर्षीया माया घर्ती निवासी वार्ड नं 5 पवांग सिस्ने गांव सभा जिला रुकुम राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई है। दोनो को अफीम सहित रुपईडीहा थाने में सौप दिया गया। पुलिस ने एनडीपीएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal