Monday , October 7 2024

घर मे घुसकर तेंदुए ने वृद्ध महिला पर किया हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज

मिहीपुरवा, बहराइच। कतर्निया घाट सेंचुरी क्षेत्र के आसपास के इलाकों में तेंदुए के हमले जारी है। मंगलवार की देर रात तेंदुए ने घर में घुसकर एक वृद्ध महिला पर हमला बोल दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। परिजनों ने महिला का शोर सुनकर हाका लगाया। जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

कतर्निया घाट सेंचुरी क्षेत्र के आसपास के गांव में अब तेंदुए ने हमले शुरू कर दिए हैं। करीब एक सप्ताह के भीतर तेंदुए की ओर से किया गया यह चौथा हमला है। शिकार की तलाश में जंगल से बाहर ग्रामीण इलाकों में निकल रहे तेंदूए ने ककरहा वन रेंज क्षेत्र में दो जानवरों को अपना निवाला बनाया था। अभी चार दिन पहले तेंदुए ने बालिका सायबा पुत्री वसीम खान को घर में घुस कर बुरी तरह घायल कर दिया था। जिसका इलाज मेडिकल कालेज ट्रामा सेंटर लखनऊ में जारी है।

ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बालिका को अपना शिकार नहीं बन पाया था। एक दिन बाद ही रविवार को दिन में खेत में काम कर रहे किसान कंधई 40वर्ष पुत्र जगजीवन निवासी धर्मापुर बेझा गांव को हमला कर उसे मार डाला था। इसके बाद ग्रामीणों में काफी गुस्सा देखा गया।

पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर सोमवार की भोर में तेंदुए को पकड़ लिया था। लेकिन तेंदुए ने इस बार सुजौली वन रेंज के ग्राम सुजौली के अयोध्या पुरवा गांव में मंगलवार बीती रात करीब 11. 30 बजे तेंदुए ने दस्तक दे दी। तेंदुआ गांव निवासी रहीम शाह के घर में घुस गया। जिसने सो रही वृद्ध महिला 80 वर्षीय रहमाना पर हमला कर दिया। इस बीच महिला के चींखने पर परिवार के लोग इकट्ठा हो गए। सभी के हाका लगाने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। तेंदुए के हमले में महिला के घायल हो गई है। जिसका इलाज सीएचसी मोतीपुर में चल रहा है। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने हमले की सूचना वन विभाग को दी है। हमले के पश्चात मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने वन विभाग से की पिंजड़ा लगाने की मांग करते हुए तेंदुए को शीघ्र पकड़े जाने की मांग की है। हमले की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता ने भी वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग की है।

मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता ने बताया कि वन विभाग के रेंज अफसर सुजौली से बात किया गया है। जिन्होंने पिंजरा लगाने की बात कही है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com