“यूपी के मिर्जापुर जनपद के नौगवा गांव में खलिहान में रखी धान की फसल संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर राख हो गई। तीन किसानों की छह बीघा फसल को आग ने नष्ट किया। क्षेत्रीय लेखपाल से क्षतिपूर्ति की मांग।”
मिर्जापुर। मिर्जापुर के ड्रमडंगंज थाना क्षेत्र के नौगवा गांव में रविवार की रात खलिहान में रखी धान की फसल संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से जलकर राख हो गई। तीन किसानों की छह बीघा धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों ने आग की लपटों को देख कर शोर मचाया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।
नौगवा गांव के किसान संतोष सोनकर, शंकर धरकार और बैजनाथ ने धान की कटाई के बाद खलिहान में धान की फसल को रखा था। रविवार रात अचानक खलिहान में आग लग गई, जिससे किसानों की छह बीघा धान की फसल पूरी तरह जल गई। मौके पर पहुंचे किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उन्हें सफलता नहीं मिल पाई।
किसान क्षतिपूर्ति की मांग लेकर क्षेत्रीय लेखपाल को सूचित कर चुके हैं। इस घटना को लेकर भाजपा के मंडल महामंत्री मुकेश सिंह ने भी किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार से मदद दिलाने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इस साल कर्ज लेकर धान की खेती की थी और अब उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। इस हादसे से किसानों की सालभर की मेहनत और उम्मीदें बिखर गई हैं।
यह भी पढ़ें : बलिया: गंगा रिवर राफ्टिंग अभियान के लिए मंत्री और अधिकारियों ने किया ये…
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal