“संभल हिंसा में 100 पत्थरबाजों के पोस्टर जारी, महिलाओं की भी पहचान। पुलिस ने 27 गिरफ्तार किए। सीएम योगी की सख्ती- नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से होगी।”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा मामले में पुलिस ने 100 पत्थरबाजों के पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों में कई पत्थरबाजों के चेहरे ढके हुए हैं और वे पत्थर लिए हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वीडियो, CCTV और ड्रोन फुटेज की जांच के बाद और भी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर इन पोस्टरों को लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने अब तक 27 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला का पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें वह छत से पत्थर फेंकते हुए नजर आ रही है। यह इलाका सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के पास का बताया जा रहा है। एक वीडियो में देखा गया कि सांसद के घर के पास कुछ महिलाएं छत से पत्थरबाजी कर रही थीं।
कमिश्नर आंजनेय सिंह ने कहा कि हिंसा में शामिल किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुरुष हों या महिलाएं। यूपी सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों से भरपाई की जाएगी।
वहीं, यूपी के आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिन लोगों ने दंगा भड़काया है, उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गृह और पुलिस विभाग मिलकर इस दिशा में कार्रवाई कर रहा है।
हिंसा के दौरान सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के आसपास की घटनाओं की जांच जारी है। प्रशासन ने कहा है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।
मनोज शुक्ल
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal