“दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी और मंत्री पद से इस्तीफा दिया। केजरीवाल पर वादे पूरे न करने और राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए। पढ़ें पूरी खबर।”
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी (AAP) और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। रविवार सुबह गहलोत ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जनता से किए वादे पूरे न होने का आरोप लगाया। उन्होंने खासतौर पर यमुना नदी की सफाई और राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर पार्टी की आलोचना की।
कैलाश गहलोत का इस्तीफे में उल्लेख
गहलोत ने लिखा, “AAP ने केंद्र सरकार से लड़ने में अपना समय बर्बाद किया। पार्टी ने दिल्ली के लोगों से किए वादे पूरे नहीं किए। जिस यमुना को साफ करने का वादा किया गया था, वह पहले से अधिक प्रदूषित हो गई है।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों के लिए लड़ने के बजाय अपने राजनीतिक एजेंडे को प्राथमिकता दे रही है।
कैलाश गहलोत का राजनीतिक सफर
- जन्म: 22 जुलाई 1974, दिल्ली
- शिक्षा: दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ में मास्टर्स
- पेशेवर जीवन: सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में 10 साल तक वकालत की। 2005-2007 में दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य रहे।
राजनीतिक करियर:
- 2015: AAP जॉइन की और नजफगढ़ विधानसभा से चुनाव जीतकर विधायक बने।
- 2017: कैबिनेट मंत्री बने। परिवहन सहित 5 विभाग संभाले।
- 2020: दूसरी बार नजफगढ़ से विधायक चुने गए और परिवहन मंत्री बने।
- 2023: कैबिनेट में फेरबदल के बाद उन्हें परिवहन के साथ फाइनेंस, रेवेन्यू समेत 8 विभाग सौंपे गए।
आरोप और विवाद
- 2024 में शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनसे पूछताछ की थी।
इस्तीफे के कारण
कैलाश गहलोत ने कहा कि वे दिल्ली के लोगों की सेवा जारी रखना चाहते हैं, लेकिन पार्टी में रहकर ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।
दिल्ली सरकार पर संकट
कैलाश गहलोत के इस्तीफे से AAP के अंदरूनी विवाद और बढ़ सकते हैं। पार्टी ने इस पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स को पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें।
विशेष संवाददाता: मनोज शुक्ल
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal