नई दिल्ली। जापान के सॉफ्टबैंक कार्पोरेशन को भारत में अपने निवेश पर 39.28 अरब येन (35 करोड़ डॉलर) का नुकसान हुआ है। यह निवेश बैंक ने आेला और ई-वाणिज्य कंपनी स्नैपडील सहित विभिन्न कंपनियों में किया है।
सॉफ्टबैंक ने दिसंबर में समाप्त 9 महीने के अपने निवेश पर जारी वक्तव्य में अपने भारतीय निवेश पर 39.28 अरब येन को बट्टे खाते में डाल दिया है।
उसके भारतीय निवेश में आेला और स्नैपडील में किया गया निवेश भी शामिल है। हालांकि, ये आंकड़े पिछले साल नवंबर में रिकार्ड किए गए उसके नुकसान से कम हैं।
सॉफ्टबैंक ने 30 सितंबर को समाप्त छह माह की अवधि में 58.14 अरब येन (56 करोड़ डॉलर) का निवेश नुकसान दर्ज किया था। यह नुकसान जापान की मुद्रा येन के स्थानीय मुद्रा के मुकाबले मजबूत होने की वजह से हुआ। सॉफ्टबैंक ने अक्तूबर 2014 में आेला में 21 करोड़ डॉलर और स्नैपडील में 62.70 करोड़ डॉलर का निवेश किया था।
उसने इन दोनों कंपनियों में आगे भी निवेश किया। जापान के इस निवेश बैंक ने भारत में अब तक करीब दो अरब डॉलर का निवेश किया है। इस साल उसने कहा कि वह अपना निवेश 5-10 साल में बढ़ाकर दस अरब डॉलर तक पहुंचाएगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal