नई दिल्ली। कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने से दिल्ली में भी सियासत गर्मा गई है। दिल्ली कांग्रेस के नेताओं ने इसके विरोध में राजघाट पर धरना दिया। वहीं, भाजपा का कहना है कि अंतिम सांस गिन रही कांग्रेस अपने अध्यक्ष राहुल गांधी की विफलता छिपाने के लिए दुष्प्रचार कर रही है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि इस समय कांग्रेस व उसके अध्यक्ष पूरी तरह से भयभीत हैं। राहुल गांधी ने कहा भी है कि देश में डर का माहौल है। असल में यह डर उनकी खुद की है, क्योंकि अध्यक्ष बनने के बाद उनकी यह लगातार दूसरी हार है। वह जो बोलते हैं, लोग उसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। कर्नाटक में जो पराजय मिली है उससे कांग्रेसी परेशान हैं। अपनी विफलता छिपाने के लिए तरह-तरह के मुद्दे बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ कांग्रेस महाभियोग ला रही थी, उन्होंने ही उनकी बात सुनने के लिए रात में तीन जजों की बेंच बनाई।
सुप्रीम कोर्ट ने भी कर्नाटक के राज्यपाल के फैसले पर सवाल खड़ा नहीं किया। कांग्रेस का विरोध कर्नाटक की जनता और अदालत के फैसले का अपमान है। उन्होंने कहा कि बुधवार रात में कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे थे, जिसमें 25 लोग भी नहीं थे। यदि लोग कर्नाटक के राज्यपाल के फैसले से नाराज होते तो हजारों की संख्या में कांग्रेस के साथ सड़क पर उतर जाते। इसलिए कांग्रेस को इससे सबक लेते हुए जनता व अदालत के फैसले का सम्मान करना चाहिए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal