इलाहाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरूवार को अपने पुरखों की धरती व पैतृक आवास आनन्द भवन से रोड शो शुरू किया। रोड शो देखने के लिए सड़कों के किनारे लोगों की भीड़ सुबह से लग गयी। वह सबसे पहले इलाहाबाद विश्वविद्यालय चौराहा पहुंचे और वहां छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी नौजवानों को भूल चुके है और वह उनके साथ धोखा कर रहे है।
राहुल गांधी का काफिला विश्वविद्यालय चौराहे से कटरा लक्ष्मी टाकीज चौराहे से नेतरात चौराहे पर पहुंचा जहां उन्होंने लोगों को सम्बोधित किया। इस दौरान लोगों का हुजूम लगा हुआ है। लोग उनके स्वागत करने के लिए आतुर हो चुके है। संगम की धरती पंडित जवाहर लाल नेहरू की कर्मभूमि मानी जाती है। यूपी में करीब 27 सालों से कांग्रेस के खोए राजनैतिक वजूद को तलाशने के लिए राहुल रोड शो कर रहे है। राहुल कौशाम्बी में किसानों की खाट सभा करेंगे। रोड शो में भीड़ दिखाने के लिए करीब 20 ब्लाॅक के विभिन्न गांवो से लोगों को बुलाया गया है।
कांग्रेसी पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक में राहुल गांधी के आगमन को लेकर काफी उत्साह है। रोड शो के दौरान हर कांग्रेसी नेता कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर अपना प्रभाव छोडना चाहता है। इसके लिए रोड शो के रूट पर कांग्रेसी पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता तक ने अपनी होर्डिंग से लेकर बैनर, पोस्टर तक लगाए हैं। पूरा रूट बैनर, पोस्टर व होर्डिंग से कांग्रेसी रंग में रंगा नजर आ रहा है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने पुरखों के शहर बुधवार की शाम पहुंचे। उनका काफिला सीधे नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास स्वराज भवन पहुंचा। राहुल के पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करके स्वागत किया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal