Monday , April 28 2025

योगी के नेतृत्व में यूपी बनेगा आदर्श प्रदेश : रामदेव

लखनऊ। योग गुरु बाबा रामदेव ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनन्दन करते हुए कहा कि योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक आदर्श प्रदेश बनेगा, जिसमें आध्यात्मिक विकास के साथ-साथ आर्थिक विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि भारत फकीरों, ऋषियों, मुनियों, योगियों की धरती रही है, जहां योग धर्म के साथ-साथ राज धर्म की भी यात्रा की जाती रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब एक सकारात्मक दौर से गुजर रहा है, जहां पर समस्याओं का समाधान होगा और सबको, शिक्षा, चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गोरक्षा होगी, अवैध बूचड़खाने बन्द होंगे। उन्होंने कहा कि योगी का व्यक्तित्व सहजता, सरलता, पराक्रम और विनम्रता से भरपूर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर राज्य सरकार खरी उतरेगी। योग को मनोबल, आत्मबल और संकल्प शक्ति का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि योग के अलावा कल्याण का और कोई मार्ग नहीं है। रोगों से मुक्ति भी योग के ही द्वारा सम्भव है।

योगाचार्य बाबा रामदेव ने कहा कि योग से दैहिक, आध्यात्मिक, चारित्रिक एवं वैचारिक बल मिलता है। मन में एकाग्रता उत्पन्न होती है तथा अपना काम प्रामाणिकता से निष्पादित किया जा सकता है। योग क्रियाओं में सन्तुलन लाता है। योग को जीवन का अभ्यास बनाएं क्योंकि योग शरीर और सोच पर भी प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों का पालन भी योग है।

यूपी में बंद होने वाली है शराब : रामदेव

योगगुरु ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में महज 7 दिनों में जो फैसले लिए हैं, वे इतिहास रचने वाले हैं। लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि अवैध बूचड़खाने बंद कराए जा रहे हैं, इस पर क्या प्रतिक्रिया है? मैंने कहा जब वो अवैध हैं ही तो कहना क्या है? अवैध चलना अपराध था, बंद कराना तो कानून का पालन करना है। उन्होंने कहा कि यूपी में शराबबंदी भी होने वाली है। लोगों को शराब की आदत छुड़ाने के लिए अभी से कपालभाति का अभ्यास शुरू कर देना चाहिए। बाबा ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि मुख्यमंत्री जमीन पर सो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को योगी और योगी आदित्यनाथ को महायोगी बताया। महोत्सव में पद्मश्री भारत भूषण ने कहा कि योगी आदित्यनाथ इस बिगड़े हुए प्रदेश को अपने योगदंड से सुधारेंगे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com