रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा दो फरवरी को प्रयागराज आ रहे हैं। चार फरवरी को मौनी अमावस्या का शाही स्नान पर्व है। इसके मद्देनजर वह अधिकारियों के साथ स्नान की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
पिछले कुंभ में मौनी अमावस्या पर इलाहाबाद जंक्शन पर भगदड़ होने से तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस बार कोई दुर्घटना न हो, इसके विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी तैयारियों की समीक्षा करने मनोज सिन्हा आएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए क्या-क्या व्यवस्था की गई है, स्टेशन, प्लेटफार्म की व्यवस्था, यात्री विश्रामालय, प्रवेश और निकासी, एफओबी पर की व्यवस्था आदि का जायजा लेंगे। उनके आने की जानकारी होने पर रेलवे अफसरों ने तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
सूबेदारगंज स्टेशन का मनोज सिन्हा करेंगे शुभारंभ
सूबेदारगंज स्टेशन पर चल रहे तमाम निर्माण कार्य पूरे हो गए हैं। मौनी अमावस्या से पहले दो फरवरी को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा स्टेशन की नई बिल्डिंग और प्लेटफार्म नंबर चार का शुभारंभ करेंगे। कुंभ मेला समाप्त होने के पश्चात इलाहाबाद जंक्शन से चलने वाली कई ट्रेनों को सूबेदारगंज स्टेशन से संचालित करने की योजना है।
रेल राज्यमंत्री ने 44 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास किया था
सूबेदारगंज स्टेशन को विकसित करने के लिए कई सालों से कवायद चल रही है। लगभग दो साल पहले रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने सूबेदारगंज स्टेशन पर राजरूपपुर की तरफ से नई बिल्डिंग, एक और फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म नंबर-4, ऐप्रेन आदि बनाने के लिए 44 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया। सभी कामों को 31 अक्टूबर तक पूरा हो जाना था, लेकिन कुंभ मेला शुरू होने तक पूरा नहीं हो सका। अब दूसरे शाही स्नान पर्व मौनी अमावस्या से पहले दो फरवरी को इसका शुभारंभ होगा। इसके लिए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा प्रयागराज आएंगे। उनका कार्यक्रम आने के बाद सूबेदारगंज स्टेशन पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है
सूबेदारगंज स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। इलाहाबाद मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सुनील गुप्त का कहना है कि कुंभ मेला के पश्चात यहां से कई ट्रेनों को चलाए जाने की योजना है। इससे इलाहाबाद जंक्शन पर ट्रेनों का बोझ कम होगा।
 Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal
				 
			 
						
					 
						
					 
						
					 
						
					