चंडीगढ़। हरियाणा में तंवर व हुड्डा गुट के बीच बढ़ती तनातनी के बीच जिलों में कार्यकारिणी के गठन का मामला लटक सकता है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने कुछ दिनों पहले चण्डीगढ़ में बकायदा प्रेसवार्ता करके दीपावली तक जिलों में कार्यकारिणी के गठन होने की घोषणा की थी। लेकिन दिल्ली में राहुल गांधी की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर के समर्थकों के बीच चली लाठियों ने इस घोषणा पर संकट के बादल ला दिए हैं।
इस हंगामे में डॉ अशोक तंवर के गंभीर रूप से घायल हो जाने के कारण अब दीपावली तक जिलाध्यक्ष बनने की आस लगाये बैठे नेताओं को मायूस होना पड़ सकता है। डॉ तंवर गुट ने पूरे मामले को लेकर दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
इस केस के दर्ज होने के बाद पूरे मामले ने अब एक अलग ही रंग ले लिया है। इसको लेकर चण्डीगढ़ के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों के अनुसार हरियाणा में अशोक तंवर व भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गुटों से हटकर कांग्रेस का तीसरा गुट अब पूरे मामले की शिकायत पार्टी हाईकमान से करने की तैयारी कर रहा है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal