सीतापुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को सीतापुर में भाजपा प्रत्याशी राकेश राठौर के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं को वन जीबी इंटरनेट कनेक्टविटी के साथ लैपटॉप दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश का भाग्य बदलने के लिए कमल का बटन दबायें।
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ लेते ही लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज माफ कर दिया जायेगा। उसके बाद जो भी किसान कर्ज लेगा, उसे ब्याज रहित कर्ज दिया जायेगा। किसानों का एक-एक दाना धान सरकार खरीदेगी।
किसानों को बिचैलियों के हाथ लुटना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों से इन्टरव्यू खत्म कर दिया जायेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक से बाप परेशान है तो दूसरे से माँ। वहीं दोनों शहजादों से पूरा प्रदेश परेशान है। उन्होंने कहा कि दोनों शहजादों का गठबंधन भ्रष्टाचार का गठबंधन है।
शाह ने कहा बुआ और भतीजे ने बारी बारी से प्रदेश को लूटा है। मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार मतदान सरकार, मुख्यमंत्री व विधायक बदलने के लिए न करके, बल्कि प्रदेश का भाग्य बदलने के लिए कमल का बटन दबाएं।
इस दौरान सीतापुर सांसद राजेश वर्मा, जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष गोविन्द भारती, पूर्व सांसद जनार्दन मिश्र व पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रामलाल राही सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
राही चले भाजपा की राह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा में आज वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रामलाल राही ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। अमित शाह ने राही का स्वागत मंच पर किया। राधेश्याम जयसवाल के भतीजे समाजवादी छोड़ कर भाजपा में हुए शामिल हो गये।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal