जम्मू। जम्मू कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री मंगत राम शर्मा का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे और उनके परिवार में छह बेटे हैं।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविन्दर शर्मा ने कहा, ‘‘ शर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और आज सुबह उन्होंने अपने घर में अंतिम सांस ली।” शर्मा का कल शास्त्री नगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
छह बार विधायक रहे शर्मा ने जम्मू कश्मीर विधानसभा के स्पीकर की भी भूमिका निभाई थी। वह मुफ्ती मोहम्मद सईद नीत पीडीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे और बाद में 2006 में गुलाम नबी आजाद के मुख्यमंत्रीकाल में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी वह महत्वपूर्ण पदों पर रहे।
सीमावर्ती इलाकों के बाशिंदों से मिलने यहां आए आजाद शर्मा के घर गए और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि शर्मा का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal