लखनऊ। रायबरेली के सदर से विधायक अखिलेश सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर उर्फ पीके को कांगे्रस का पालिटिकल स्ट्रेटेजिस्ट बनाया जाना सबसे मूर्खतापूर्ण कदम है। उन्होंने कहा नेहरू, गांधी की इस पार्टी को आज किसी बिजनेसमैन के हाथों सौंपना बहुत शर्म वाली बात है।
अखिलेश ने ये बाते शुक्रवार को यूपी प्रेसक्लब में प्रेसवार्ता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे बड़ी और पुरानी पार्टी है, ऐसे में उसे क्यों प्रशांत किशोर की जरूरत आ पड़ी यह समझ से परे है। ठेकेदार कोई भी पार्टी नहीं चला सकते, नेता ही पार्टी चलाते है।
इस अवसर पर उन्होंने अपने बेटी अदिति सिंह के बारे में कहा कि कांग्रेस चुनने के बारे में उनका अपना फैसला है। कांग्रेस सबसे सेकुलर पार्टी है और उनकी बेटी हमेशा से प्रियंका गांधी से प्रभावित रही है।
इस कारण उसने कांग्रेस चुनी है। प्रियंका गांधी ने अदिति को खुद दिल्ली बुलाकर कांग्रेस ज्वाइन करवाई थी। सदर विधायक अखिलेश सिंह ने यादव परिवार में बीते दिनों आई दरार के बारे में कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है।
सीएम अखिलेश यादव अच्छा काम कर रहे है। उन्होंने कहा वह अपनी सीट अदिति के लिए छोड़ेंगे और अगर स्वास्थ्य ठीक रहा तो राज्यसभा जाने की तैयारी करेंगे।
इस अवसर पर अदिति ने कहा कि वह प्रियंका गांधी से काफी प्रभावित है इसलिए राजनीति में आई है। विधानसभा चुनावों में युवाओं का अहम रोल होगा इसलिए युवाओं को सोच समझ कर फैसला लेना होगा।
युवाओं को सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाओं से बचकर किसी भी मैसेज को आगे बढ़ाने के लिए उसकी सत्यता की जांच कर लें फिर आगे बढ़ाएं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal