बांकुडा। बांकुडा जिले के रायपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गये। गुरूवार देर रात हुई इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
रायपुर ब्लाक तृणमूल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अमिल महतो बीती रात पार्टी कार्यालय में बैठे हुए थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तीन लोग थे और एक बाइक पर सवार होकर आये थे। उल्लेखनीय है कि अनिल महतो को हाल ही में रायपुर ब्लाक तृणमूल कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। माना जा रहा है कि राजनीतिक रंजिश के चलते ही उनकी हत्या की गई।
प्राथमिक तौर पर पुलिस इस हत्याकांड के पीछे राजनीतिक रंजिश को वजह मान रही है। दूसरी तरफ यह इलाका नक्सल प्रभावित होने के चलते घटना के पीछे माओवादियों का हाथ होने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ता विरोधी पार्टियों पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal