लखनऊ। समाजवादी पार्टी(सपा) के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को घर के बाहर डेरा डाले कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि नेताजी का संदेश ही हमारे लिए आदेश है। किसी भी कीमत पर पार्टी को कमजोर नहीं होने देंगे। गुरुवार रात से आवास के बाहर डेरा डाले कार्यकर्ताओं व अपने समर्थकों से कहा कि आप लोग पार्टी कार्यालय पहुंचें। वहीं नेताजी मुलायम सिंह यादव पहुंच रहे है। उनके सामने अपनी बात रखना है। हम नेताजी के साथ हैं। किसी भी कीमत पर हम पार्टी को कमजोर नहीं होने देंगे। पार्टी को मजबूत करना हमारा काम है।शिवपाल सिंह यादव जैसे ही अपने आवास के बाहर आये कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। समर्थकों का कहना है कि सपा को यहां तक पहुंचाने में सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव के बाद दूसरे नम्बर पर किसी का योगदान है तो वह शिवपाल सिंह यादव का है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को शिवपाल सिंह से क्षमा मांगते हुए उन्हें सरकार के सभी पदों को वापस करना चाहिए।सपा सूत्रों की मानें तो सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, शिवपाल सिंह और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय में बैठक कर इस सियासी घमासान का समाधान करेंगें।
उल्लेखनीय है कि शिवपाल सिंह यादव गुरुवार रात सरकार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सोचने को मजबूर किया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव के इस्तीफे को नामंजूर कर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को पारिवारिक कलह से उबारने और सभी की लक्ष्मण रेखा तय करने को विवश किया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal