
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को बसपा से बगावत कर भाजपाई बने स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा आयोजित रैली को सम्बोधित करने यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित रमाबाई अम्बेडकर मैदान पहुंचे । जहाँ उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बसपा सुप्रीमो मायावती को अपनी ताकत का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे देश को 65 साल तक लूटा जबकि सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश की जनता को 15 साल तक उलझाये रखा। रैली में भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहे। पूर्व में स्वामी प्रसाद मौर्य ने मायावती पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पैसे की हवस में अंधी हो गई हैं। बसपा में जिसकी जितनी थैली भारी उसकी उतनी भागीदारी वाली बात है। वह धन्ना सेठों की पार्टी होने लगी है। मौर्य ने कहा कि अब बसपा से कार्यकर्ता ऊब चुके हैं।
बसपा दलितों का शोषण और सपा करती है उनका उत्पीड़न –
रैली को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अपने को दलितों का हितैषी कहने वाली बसपा दलितों का शोषण करती है और सपा उनका उत्पीड़न करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो सबका साथ और सबका विकास चाहती है। उन्होंने मैदान में जुटे कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि वे यह संकल्प लेकर जायें कि उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए इस बार यहां भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनायेंगे।
चाचा-भतीजे पर भी साधा निशाना –
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सपा और बसपा के चक्कर में ही उत्तर प्रदेश का विकास रुका हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के बीच चल शक्ति प्रदर्शन पर भी तंज कसा। इस विवाद में अमर सिंह को नारद की भूमिका में बताया। कहा कि चाचा-भतीजा मिलकर केंद्र द्वारा भेजा गया पैसा बांटे ले रहे हैं और प्रदेश का विकास कार्य अवरुद्ध हो गया है।
सपा के गुण्डे कर रहे जमीनों पर कब्जा –
अमित शाह ने गायत्री प्रजापति की मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी और फिर वापस लेने के मुद्दे पर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि अगर वापस ही लेना था तो फिर निकाला क्यों ? उन्होंने कहा कि खनन विभाग में इतना भ्रष्टाचार हुआ है कि उस पैसे से सूबे के हर घर में रंगीन टीवी पहुंच जाती। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश को एक लाख करोड़ रुपये दिये लेकिन उस पैसे का क्या हुआ ? कोई हिसाब नहीं है। आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार में सपा के गुण्डे जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। कानून व्यवस्था इतनी खराब है कि मां-बहने भी सुरक्षित नहीं हैं।
राहुल की किसान यात्रा भी हुई शाह की शिकार –
बसपा सुप्रीमो पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि उनके शासन काल में भी एनआरएचएम और ताज कारीडोर जैसे तमाम घेटाले हुए। एक हजार से अधिक दलितों की हत्या हुई। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 65 साल उनकी पार्टी सत्ता में थी। इस दौरान उन्होंने किसानों की हालत क्यों नहीं सुधारी। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के अभी ढाई साल भी नहीं हुए हैं लेकिन इतने कम समय में ही इस सरकार ने गरीबों और किसानों की बेहतरी के लिए तमाम योजनायें शुरु कर दी है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal