लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की विशाल रैली में रविवार को कानपुर देहात के बिन्हौर से आयी शांति देवी और एक अज्ञात वृद्ध महिला की मौत हो गयी है। पुलिस के अनुसार यह मौत भगदड़ से नही बल्कि ट्रैक्टर ट्राली पलटने से हुई है।
लखनऊ में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित विशाल रैली में भाग लेने के लिये हर जिले से हजारों कार्यकर्ता आये हुये थे। कानपुर देहात से भी कुछ कार्यकर्ता एक ट्रैक्टर ट्राली से रैली स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें तत्काल उतरने को कहा, इस बीच जल्दबाजी में ट्रैक्टर ट्राली पलट गयी और उसके नीचे दबकर बसपा कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गये।
उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक की पहचान शांति देवी (55) पत्नी पुत्तीलाल निवासी बिल्हौर कानपुर देहात के रूप में हुई है। वहीं दूसरी महिला की शिनाख्त अभी नही हो सकी है, उसकी उम्र 60 के करीब है।
आलमबाग थानाध्यक्ष परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि बसपा रैली में आ रहे घायल लोगों को एम्बुलेंस की मदद से लोकबन्धु अस्पताल भिजवाया गया है जहां उनका उपचार हो रहा है। वहीं रैली स्थल पर बने कैम्प अस्पताल में भी कुछ घायलों को उपचार दिया गया। लोकबन्धु अस्पताल के डाक्टरों की माने तो घायलों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है। घायलों के परिजन को इमरजेंसी वार्ड में घुसने से रोका गया है। अभी तक दो महिलाओं के मौत की पुष्टि हुई है।
बता दें कि बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर रविवार को कांशीराम स्मारक में आयोजित रैली में उत्तर प्रदेश के कोने कोने से बसपा कार्यकर्ता पहुंचे थे और कानपुर देहात से आये हुये कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा हादसा हो गया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal