लखनऊ। प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक बार फिर करारा झटका लगा है। बसपा के चार विधायक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा के विधायकों को पार्टी कार्यालय में सदस्यता दिलायी। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सोमवार को एक समारोह में बसपा के विधायकों महावीर राणा, रोमी साहनी, रोशन लाल वर्मा व ओम कुमार ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन चारों विधायकों पर हालांकि राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रास वोटिंग करने का आरोप लगा था। बाद में बसपा की मुखिया मायावती ने इनको पार्टी से निलंबित कर दिया था।
चारों विधायकों को पार्टी में शामिल करते हुये केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। इसीलिये पार्टी की नीतियों से सहमत होकर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान केशव प्रसाद ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव निशाना साधते हुए कहा कि खनन मंत्री गायत्री प्रसाद व पंचायती राज मंत्री राजकिशोर की बर्खास्तगी से अपना दामन नहीं बचा सकते। उन्होंने कहा, ” यदि मुख्ममंत्री अखिलेश यादव को वाकई भरोसा था कि गायत्री प्रजापति व राजकिशोर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं तो वह अब तक चुप्पी क्यों साधे हुये थे। अवैध खनन में तीन लाख करोड़ रूपये का घोटाला होने के बाद उनकी आंख नहीं खुली है।”
केशव ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते। नैतिकता के आधार पर उन्हें स्वयं पद से इस्तीफा दे देना चाहिये। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा को लेकर केशव प्रसाद ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज खाट सभा कर रहे हैं लेकिन यदि लोगों को मुफ्त में खटिया न लेनी होती तो उनकी सभाओं में कोई नहीं आता। सपा और बसपा के सहयोग से 10 वर्ष तक शासन करने वाले राहुल आज अखिलेश के कुशासन पर चुप क्यों हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal