मुंबई। केंद्रीय भूतल परिवहन और जहाजरानी मंत्री नितीन गडकरी ने महानगर पालिका चुनाव में प्रचार करते हुये कहा है कि पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन से ही मुंबई का विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों से भाजपा ने मुंबई की देख-रेख का जिम्मा शिवसेना को सौंप रखा था, लेकिन शिवसेना ने मुंबई का कोई विकास नहीं किया है। इन लोगों ने पिछले 20 सालों में विकास तो दूर किसी तरह के विकास की घोषणा तक नहीं की।
मुंबई महानगर पालिका का अधिकांश बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। वैतरणा तालाब का टेंडर हो या कचरा साफ करने का टेंडर। हर जगह टेंडर निकलता है, पैसा भी खर्च होता है, लेकिन काम नहीं हो पाता है। इतना ही स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में खर्च बढ़ता जाता है।
गडकरी ने कहा कि उन्हें हर शहर के महापौर आकर मिलते हैं और फंड की मांग करते हैं। लेकिन इस शहर की महापौर की ओर से मुंबई के विकास के लिए उन्हें अब तक कोई प्रस्ताव ही नहीं मिला है।
इसके बावजूद हमने मुंबई के विकास के लिए तीन लाख करोड़ रुपए का फंड मंजूर किया, इसमें एक लाख करोड़ रुपए का काम मंजूर हो गया है। गडकरी ने कहा कि मुंबई शहर के किनारों को साफ सुथरा रखने के लिये शहर का गंदा पानी समुद्र में जाने से रोकना जरूरी है। लेकिन महानगर पालिका की ओर से इस बारे में कुछ नहीं किया गया है।
गडकरी ने पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए लोगों से भाजपा को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंबई का सर्वांगीण विकास करेगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal