भदोही। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बुआ और बबुआ की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। बहन जी की हाथी पर मुख्तार और अफजाल बैठ गए हैं। वहीं कांग्रेस युवराज राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि 60 साल तक नाना, नानी और दादी की सरकार ने राज किया। साहब जादे तब कांग्रेस से हिसाब नहीं मांगा। आज मोदी सरकार से ढ़ाई साल के काम का हिसाब मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सुनामी चल रही है। 11 मार्च को दोपहर एक बजे भाजपा की सरकार बन जाएगी। आप लोग पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए भाजपा को वोट दें। सपा, बसपा और कांग्रेस का वक्त खत्म हो चला है। शाह ने ज्ञानपुर के वीएनजीआईसी कालेज के मैदान में चुनावी सभा में सपा सरकार के ‘काम बोलता है’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में काम नहीं बलात्कार बोल रहा है। यहां हर रोज 23 बलात्कार और उतनी ही हत्याएं होती हैं। यहां कुनबों का कारनामा बोलता है।
सपा और कांग्रेस गठबंधन की चुटकी लेते हुए कहा कि एक से बाप परेशान हैं दूसरे से मां। अभी यह हाल है तो आप लोग सत्ता इनके हाथ में सौंप दोगे तो प्रदेश का क्या हाल होगा। बोले, यूपी समस्याओं का दरिया बन गया है। यूपी का विकास सिर्फ भाजपा कर सकती है। शाह ने कहा कि भाजपा की जिस दिन सरकार बनी राज्य की सभी अवैध बूचड़खाने आधी रात के पहले बंद हो जाएंगे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal