Monday , November 24 2025

राहुल गांधी के हाथों में होगी कांग्रेस की कमान, औपचारिकताएं बाकी

raनई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पद के बीच अब महज औपचारिकताएं ही रह गई हैं।

अध्यक्ष पद पर नियुक्ति का अधिकार रखने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने नई दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने की अपील की। यह जानकारी बैठक के बाद पार्टी के कदावर नेता एके एंटनी ने दी।

उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी ने पहली बार सर्वसम्मति से राहुल से अध्यक्ष पद संभालने की अपील की है। अभी तक निजी तौर पर पार्टी नेता राहुल को अध्यक्ष बनाने की मांग करते रहे हैं।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तबीयत खराब होने की वजह से बैठक से गैरहाजिर रहीं। उनकी गैरमौजूदगी में बैठक की अध्यक्षता राहुल गांधी ने की। सूत्रों के मुताबिक, चार घंटे तक चली बैठक में एंटनी ने राहुल से केंद्र की जनविरोधी नीतियों और सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए अध्यक्ष पद संभालने की अपील की। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत अन्य ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

एंटनी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जल्द कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें सीडब्ल्यूसी की भावनाओं के बारे में बताएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि सोनिया गांधी उन्हें इस मुद्दे पर निराश नहीं करेगी। गौरतलब है कि सोनिया गांधी वर्ष 1998 से ही पार्टी अध्यक्ष हैं। उन्होंने सीताराम केसरी से पदभार ग्रहण किया था।

46 वर्षीय राहुल गांधी जनवरी 2013 में जयपुर में कांग्रेस सत्र के दौरान पार्टी उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर पिछले कुछ वक्त से कयास लगाए जा रहे हैं। एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर कभी भी सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाकर राहुल को अध्यक्ष चुना जा सकता है।

19 नवंबर से पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जन्म शताब्दी पर एक साल तक चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत कर रही है। ये कयास हैं कि इससे पहले राहुल पार्टी अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल लेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे निभाने के लिए तैयार हूं।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com