लखनऊ। प्रदेश में चुनावी तल्खी बढ़ने के साथ ही नेताओं की जुबान भी तल्ख होती जा रही है। इसी तनाव भरे माहौल में सोमवार को समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह को आतंकवादी तक कह दिया।
प्रधानमंत्री के ‘रमजान पर बिजली तो दीवापली पर क्यों नहीं’ बयान से नाराज चौधरी ने कहा कि मोदी और शाह लागों को आतंकित कर रहे हैं। ये लोकतंत्र के आतंकवादी हैं।
चौधरी ने इसके अलावा कहा कि गुजरात के दो जादूगर लोकतंत्र का अपहरण करने की साजिशों में लगे है। राजनीति में उनकी ठगी चलने वाली नहीं है। किसी को लोकतंत्र पर बोझ नहीं बनने दिया जाएगा। भाजपा के केन्द्रीय मंत्री उप्र में राजनीतिक पर्यटन पर हैं। उन्हें प्रदेश के विकास से कुछ लेना देना नहीं है।
चौधरी ने कहा कि जनता सब जानती है। संविधान में राज्य और केंद्र के अधिकारों की परिधि का उल्लेख है। किसी को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि राज्य केंद्र के मातहत है। संविधान में संघीय ढांचा की व्यवस्था का स्पष्ट उल्लेख है। श्री अखिलेश यादव ने जो विकास कार्य किये है उत्तर प्रदेश के बारे में गलत आंकड़े देकर उन पर पर्दा डालने का काम प्रधानमंत्री जी कर रहे है। यह प्रदेश के मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal