लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में माँ बहनों की इज्जत-आबरू सुरक्षित नहीं रह सकती।
उन्होंने सुल्तानपुर में महिला के साथ बलात्कार व हत्या के मामले में आरोपी सपा विधायक को मुख्यमंत्री द्वारा संरक्षण दिये जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आखिर इतने गम्भीर मामले में भी अभी तक सपा विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार क्यों नही किया? श्री शर्मा ने कहा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते समय सपा सरकार के संरक्षण में पले-बढ़े अपराधिक व अराजक तत्वों सहित हत्या बलात्कार की घटनाओं के गुनाहगार जेल में होंगे।
लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टण्डन ”गोपाल” के समर्थन में आयोजित रोड़ शो के दौरान जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री शर्मा ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि गठबंधन का मूल भ्रष्टाचार व अनाचार है।
उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे अवसरवादी और अपवित्र गठबंधन को स्वीकार नहीं कर रही है। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती पर दलित महापुरूषों के नाम पर स्मारकों के निर्माण में लाखों-करोंड़ो के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मायावती तब कहा थी जब अखिलेश राज में उत्तर प्रदेश में दलितों के घर जलाये जा रहे थे, उन पर कहर बरपाया जा रहा था।
श्री शर्मा ने कहा सपा, बसपा और कांग्रेस की तिकड़ी ने उत्तर प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उत्तर प्रदेश में जनधन की लूट सपा-बसपा की सरकारों में होती रही और दिल्ली में कांग्रेस की यूपीए सरकार घपले-घोटालों के कीर्तिमान बनाती रही।
श्री शर्मा ने जनता में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष टण्डन को जिताने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में सुशासन व विकास के लिए भाजपा संकल्पबद्ध है। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम करते हुए प्रदेश के किसानों नौजवानों, गरीबों व महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाओं का संकल्प अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में लिया है।
रोड शो रिंग रोड़ से शुरू होकर कंचना बिहारी मार्ग, गायत्रीपुरम, कुर्सी रोड़ सहित कई अन्य क्षेत्रों से होता हुआ टेढ़ी पुलिया के पास समाप्त हुआ। रोड़ शो में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला व प्रदेश मीडिया सम्पर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश तिवारी, चेतन सिंह बिष्ट, राजेन्द्र तिवारी सहित पदाधिकारी शामिल रहे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal