Sunday , April 28 2024

एंटी रोमियो लागू हुआ जबसे, अखिलेश और राहुल की जोड़ी बिछुड़ गई

लखनऊ। अखिल भारतीय सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं समाजसेवी संस्था रंगभारती की ओर से ‘मूर्ख दिवस’ के अवसर पर शनिवार को रवीन्द्रालय प्रेक्षागृह में घोंघा बसंत सम्मेलन का आयोजन किया गया।

हास्य-उत्सव के रूप में हुए इस आयोजन में हंसी के ठहाके करीब पांच घंटे तक गूंजते रहे। इस मौके पर रंगभारती की ओर से सुविख्यात हास्य कवि शम्भू शिखर को उनकी हास्य-रस के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियों पर इस वर्ष का ‘बेढब बनारसी रंगभारती हास्य शिखर सम्मान’ प्रदान किया गया। रंगभारती के दिवंगत सदस्य बेढब बनारसी की स्मृति में प्रतिवर्ष यह सम्मान दिया जाता है। मूर्ख दिवस के इस अवसर पर आमंत्रित कवियों को उपहार प्रदान किए गए, जैसे कि मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ की ओर से पत्तलों का जयमाल, राज्यपाल राम नाईक की ओर से राजमुकुट, अखिलेश यादव की ओर से लॉलीपॉप तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से झाड़ू।

आजम खां को दिया गया ‘ढेंचू’ सम्मान
समारोह का उद्घाटन ‘मूर्खिस्तान’ के प्रधानमन्त्री ने किया। यह विशिष्ट अतिथि महोदय सचमुच के गधा थे। रंगभारती के अध्यक्ष श्याम कुमार बाबा रामदेव की रोचक वेशभूषा में मंच पर आए। श्याम कुमार का जूतों से बनी सुगन्धित माला पहनाकर अभिनन्दन किया गया। घोंघा बसन्त सम्मेलन में विश्व की सात छंटी हुई विभूतियों के लिए ‘मूर्ख रत्न’ का ‘राष्ट्रीय शिखर सम्मान’ घोषित किया गया। इस सम्मान के लिए अरविंद केजरीवाल, गुलाम नबी आजाद, फारूक अब्दुल्ला, शत्रुघ्न सिन्हा, मायावती, अखिलेश यादव, राहुल गांधी का चयन किया गया। इस वर्ष का ‘ढेंचू’ सम्मान आजम खां को दिया गया। यह सम्मान पूरे वर्ष निरर्थक एवं अनर्गल बातें बोलने पर दिया जाता है। इस वर्ष ‘मूर्खरत्न’ के लिए उम्मीदवारों की लंबी सूची थी, लेकिन सात नाम ही चयनित किए गए।
विगत वर्षों की भांति घोंघा बसन्त सम्मेलन में पांच विभूतियों का ‘गन्धर्व विवाह’ सम्पन्न हुआ।

केशव प्रसाद मौर्य का अनुष्का से किया गंधर्व विवाह
घोंघा बसंत में इस वर्ष उत्तर प्रदेश की नई सरकार के इन पांच मंत्रियों का गंधर्व-विवाह सम्पन्न हुआ। इनमें सिद्धार्थ नाथ सिंह का दीपिका पादुकोण के साथ, चेतन चौहान का श्रद्धा कपूर के साथ, नन्द कुमार नन्दी का आलिया भट्ट के साथ, डॉ. दिनेश शर्मा का प्रियंका चोपड़ा के साथ, केशव प्रसाद मौर्य का अनुष्का शर्मा के साथ गंधर्व विवाह हुआ। दीप-प्रज्ज्वलन के बाद मशहूर रंगकर्मी विजय वास्तव ने रंगभारती का परिचय दिया। वरिष्ठ शास्त्रीय गायिका रंजना दीवान ने सरस्वती-वन्दना प्रस्तुत की। रंगभारती के अध्यक्ष श्याम कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हास्य कविताओं ने किया लोटपोट
घोंघा बसन्त सम्मेलन में सुविख्यात हास्य-कवियों ने अपनी कविताओं से दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया। नई दिल्ली के शम्भू शिखर ने कहा, ‘इस झोके से कितनों की जाने नींद उड़ गई, और राह जाने कितनों की पल भर में मुड़ गई। यूपी में एंटी रोमियो लागू हुआ जबसे, अखिलेश और राहुल की जोड़ी बिछुड़ गई।’ जमुना प्रसाद ने ‘हर प्यास की शिद्दत को बढ़ाने पे अड़े हैं, वो लोग जो दरिया के मुहाने पे खड़े हैं’ सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। कमलेश द्विवेदी ने अपनी रचना में कहा, ‘एक कन्हैया जेल में, जन्मा तो आनंद, देशद्रोह में दूसरा, हुआ जेल में बंद।’ अशोक सुन्दरानी ने कहा, ‘जो लोग मनहूस होते हैं, उनकी जिंदगी में प्यार का, तराना नहीं होता।’ श्याम कुमार (लखनऊ) ने कहा, ‘नई व्यवस्था लागू होगी, श्याम नया युग आएगा। उदय उसी दिन भारत होगा, लोकतंत्र तब आएगा।’ इसके अलावा ब्रजेन्द्र चकोर, विकास बौखल, समीर शुक्ल, अमित अनपढ़, श्रवण शुक्ल आदि ने भी भाग लिया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com