मुंबई: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फिल्म ‘एम एस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।
फिल्म निर्माण क्षेत्र की कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने कहा कि ‘एमएस धोनी: दि अनटोल्ड स्टोरी’ ने दुनिया में बॉक्स आफिस पर 204 करोड़ रपये का कारोबार किया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक है।
फिल्म निर्माताओं का कहना है कि टीम इंडिया के कप्तान एम एस धोनी के जीवन पर आधारित फिल्म ने भारत में 175.7 करोड़ रुपए, जबकि विदेश में 29 करोड़ रपये की कमाई की है।
फॉक्स स्टार स्टूडियोज और अरुण पांडे के इंस्पायर्ड इंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है। इस फिल्म में धोनी के रांची की सड़कों से भारत के सफलतम कप्तान बनने तक के सफर को बयां किया गया है। धोनी के जीवन पर बनी यह फिल्म 30 सितंबर को रिलीज हुई थी।
इस फिल्म में सुशांत सिंह ने धोनी का किरदार निभाया है। सुशांत के अलावा फिल्म में किआरा आडवाणी, दिशा पटानी और अनुपम खेर की मुख्य भूमिकाएं हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal