चंडीगढ़। भारतीय क्रिकेटर पूर्व स्टार स्पिनर हरभजन सिंह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। बताया जाता है कि हरभजन आज या एक-दो दिन में कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे।
यह भी चर्चा है कि वह नवजोत सिंह सिद्धू के साथ नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होंगे। आज उनकी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की संभावना है। भज्जी के जालंधर से विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से हरभजन की बातचीत हो गई है। नवजोत सिंह सिद्धू की कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से दो दिन पहले हुई मुलाकात के बाद अचानक यह बात सामने आने से पंजाब की राजनीति गर्मा गई है।
हरभजन को कांग्रेस में शामिल कराने में प्रशांत किशोर की भूमिका को अहम माना जा रहा है। बताया जाता है कि भज्जी को लाने में नवजोत सिंह सिद्धू भी इस्तेमाल किया गया है।
कांग्रेस को भरोसा है कि सिद्धू और हरभजन के आने के बाद चुनाव अभियान में नया जोश भी आने की उम्मीद है। पार्टी के प्रदेश प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह अभी नई दिल्ली में ही हैं और हरभजन से उनकी मुलाकात भी होने की उम्मीद है। बताया जाता है कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची के जारी होने में इसी कारण देरी हो रही है। दोनों पूर्व क्रिकेटरों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी अपने बाकि उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए नए सिरे से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हरभजन को कांग्रेस में लाना इसी रणनीति का हिस्सा समझा जा रहा है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal