प्रयागराज। वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस समाप्त होने के बाद 24 जनवरी को करीब 2500 प्रवासी भारतीयों के यहां कुंभ मेले में आने की संभावना है। प्रवासी भारतीय यहां अक्षय वट और सरस्वती कूप के दर्शन भी करेंगे।

उत्तरप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मेला क्षेत्र स्थित मीडिया सेंटर में शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने यहां उन क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां प्रवासी भारतीय जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 4,000-4,500 प्रवासी भारतीयों ने अपना पंजीकरण कराया है और हम मोटे तौर पर 2,500 प्रवासी भारतीयों के कुंभ मेले में आने की उम्मीद कर रहे हैं। वे विशेष बसों से यहां आएंगे और सीधे टेंट सिटी जाएंगे, जहां रिफ्रेशमेंट के बाद वे बोट के जरिए संगम पहुंचेंगे।
मंत्री ने बताया कि जो प्रवासी भारतीय संगम में स्नान करना चाहेंगे, उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। संगम में स्नान और पूजा करने के बाद वे अक्षय वट, सरस्वती कूप और लेटे हुए हनुमानजी का दर्शन करने जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रवासी भारतीयों को सेक्टर 19 में कला ग्राम, संस्कृति ग्राम और वेंडिंग जोन दिखाया जाएगा एवं रात्रि में वे विशेष ट्रेनों से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। (भाषा)
 Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal
				 
			 
		
		 
						
					 
						
					 
						
					 
						
					 
						
					