कुंभ से पहले सभी पेशवाई मार्ग दूधिया रोशनी से जगमग हो जाएंगे। नगर निगम पेशवाई मार्ग पर 630 अर्नामेंटल (आकर्षक लैंप) लाइट लगवाएगा। इससे पेशवाई की शोभा भी बढ़ेगी।
कुंभ के मद्देनजर शहर का कायाकल्प किया जा रहा है। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण सड़कों और चौराहों को खूबसूरत बना रहा है। इसमें शहर की सभी प्रमुख सड़कें और चौराहे शामिल हैं। पेशवाई मार्ग इसका हिस्सा नहीं है, इसलिए नगर निगम पेशवाई मार्ग को दूधिया रोशनी से रोशन करेगा। चार पेशवाई मार्ग पर 315 पोल लगाकर उन पर 630 लैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए कुल 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी का कहना है कि पेशवाई मार्ग पर सभी लोगों की निगाहें रहती हैं, इसलिए पेशवाई मार्ग पर एमजी मार्ग जैसे लैंप लगाए जाएंगे।
नगर निगम पेशवाई मार्ग पर पथ प्रकाश की व्यवस्था के लिए कुल 92 लाख रुपये खर्च करेगा। 87 लाख रुपये पोल और लाइट लगाने पर खर्च होंगे। पांच लाख रुपये पोल की पेंटिंग पर खर्च किए जाएंगे। पोल पर लगने वाले एक लैंप की कीमत 27 हजार रुपये है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal