चंडीगढ़ । महिला कुश्ती में एक नया इतिहास रचनेवाली हरियाणा की बेटी साक्षी मलिक का ओलंपिक पदक जीतने के बाद पहली बार प्रदेश में प्रवेश करने पर बुधवार को जोरदार स्वागत किया गया।
नई दिल्ली में रात्रि साढ़े तीन बजे रियो से वापस आने के बाद ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने सुबह नौबजे हरियाणा की सीमा में प्रवेश किया। जहां पर प्रदेश की जनता अपनी बेटी के स्वागत के लिए घंटों पहले से ही जुट गयी थी। साक्षी के हरियाणा में प्रवेश करते ही बड़े बुजुर्गों ने साक्षी के सिर पर हाथ रखकर उसे आशीर्वाद दिया। इसके बाद साक्षी का काफिला सीधे बहादुरगढ़ के कम्युनिटी सेंटर पहुंचा। जहां पर साक्षी मलिक का स्वागत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुलदस्ता देकर किया गया। इसी समारोह में मुख्यमंत्री ने साक्षी मलिक को प्रशस्ति पत्र देने के साथ ही ईनाम की राशि ढ़ाई करोड़ रूपये का चेक भी दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने साक्षी मलिक को राज्य में बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडरभी नियुक्त किए जाने की घोषणा की। इस सम्मान समारोह के बाद साक्षी मलिक सीधे अपने गृह जनपद रोहतक जाएंगी। जहां पर रोहतक नगर से उनके गांव मोखरा तक एक रोड़ शो किया जाएगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal