सिद्धार्थनगर। वन रैंक वन पेंशन अधिकार प्राप्त न होने से क्षुब्ध रिटायर्ड फौजी राम किसन ग्रेवाल की आत्महत्या के बाद उपजे हालात पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा उबाल है।
शहीद रामकिसन के परिजनों से मिलने जाते समय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के खिलाफ जिले के आप कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार नारेबाजी के साथ सिद्धार्थ तिराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शहीद के परिजनों की गिरफ्तारी तथा उन्हें अपमानित किये जाने को विस्मयकारी व शर्मनाक करार दिया। कहा कि मोदी सरकार ने परोक्ष रूप से देश में आपातकाल लागू कर दिया है।
इस मौके पर आयोजित प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक इ. सर्वेश जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार अब पूरी तरह तानाशाही पर आमादा हो गयी है। गैर बीजेपी सरकारों के साथ वह आपातकालीन हथकंडे अपना रही है। मध्यप्रदेश मुठभेड़ कांड के शहीद कांस्टेबल के परिजनों से मिलने जब वहां के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जाते हैं तो वह राष्ट्रवाद हो जाता है और वही जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अपने राज्य के शहीद फौजी के परिजनों से मिलने जाते हैं तो उन्हें मिलने से रोक दिया जाता है। हद तो यहां तक की गयी कि उप मुख्यमंत्री को हिरासत में ले लिया गया।
मीडिया प्रभारी फैसल ने कहा कि मोदी सरकार के एक के बाद एक झूठ सामने आ रहे है। एक तरफ वे देश के सैनिकों के सम्मान का ढोंग करते हुए ढिढोरा पीट रहे हैं, दूसरी ओर दो दो बार राष्ट्रपति से सम्मानित फौजी रामकिसन जंतर मंतर पर वन रैंक वन पेंशन के लिए अनवरत धरना देने के बाद जब रक्षामंत्री को ज्ञापन सौंपने जाते हैं तो उन्हें मिलने तक नहीं दिया जाता। अपमानित फौजी के आत्महत्या के बाद उनके परिजनों को ढांढस बधाने की बजाय दिल्ली पुलिस उन्हें अपमानित की और गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया।
कोषाध्यक्ष आफ़ताब रजा ने कहा मोदी सरकार सत्ता से मदान्ध होकर लोकतंत्र का गला घोंट रही है और संवैधानिक इकाइयों का लॉ एंड ऑर्डर की आड़ में दमन कर रही है। आम आदमी पार्टी इसे बर्दास्त नहीं करेगी। इसका सड़क से लेकर संसद तक विरोध किया जायेगा।
इस मौके पर अजय राव, इरशाद खान,सिद्धान्त यादव, शैलेश शर्मा, सोनू खान, आतिफ, विनोद कुमार ,अदालत, राम सहाय यादव,सेराज अली,अख्तर अली,सत्यांनंद पांडेय,साबिर अली आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal