नई दिल्ली । हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में मंगलवार को दिल्ली वेवराइडर्स को एक और हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली को गत चैम्पियन जेपी पंजाब वारियर्स ने 3-2 से मात दी।
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में वरुण कुमार ने बेहतरीन मैदानी गोल कर पंजाब का खाता खोला। चूंकि वरुण ने मैदानी गोल किया था, इसलिए नए नियमों के अनुसार मैदानी गोल करने पर टीम को 2 गोल मिलते हैं, इसलिए पंजाब के खाते में दो गोल जुड़ गए।
मेजबान दिल्ली ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और दिल्ली को गोल करने के मौके भी मिले। लेकिन पंजाब के रक्षकों ने बेहतरीन बचाव कर प्रयास विफल कर दिया। मैच के 26वें और 29वें मिनट में दिल्ली को दो पेनॉल्टी कार्नर भी मिले, लेकिन कप्तान रुपिंदर पाल सिंह दोनों बार ही इसे गोल में तब्दील करने में असफल रहे। पहले हाफ की समाप्ति पर पंजाब 2-0 की बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।
दूसरे हॉफ की शुरुआत दिल्ली ने फिर से आक्रामक अंदाज में की और मनदीप सिंह गोल करने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन पंजाब के गोलकीपर जुगराज सिंह ने बेहतरीन बचाव कर दिल्ली का प्रयास फिर असफल कर दिया। इसके तीन मिनट बाद ही 37वें मिनट में दिल्ली को एक और मौका मिला और इस बार व्हाइट ट्रिस्टन ने शानदार मैदानी गोल कर दिल्ली को 2-2 की बराबरी दिला दी।
चूंकि व्हाइट ने मैदानी गोल किया था, इसलिए नियमानुसार दिल्ली को भी 2 गोल मिले। तीसरे क्वार्टर के आखिरी समय में पंजाब को पेनॉल्टी कार्नर मिला, लेकिन वंडर रोबर्ट गोल में नहीं बदल सके और तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं।
चौथे क्वार्टर के दूसरे मिनट में दिल्ली को एक और पेनॉल्टी कार्नर मिला,लेकिन इसे भी दिल्ली की टीम गोल में तब्दील करने में नाकाम रही। मैच के 52वें मिनट में पंजाब को पेनॉल्टी कार्नर मिला और इस बार वैन डर मिंक ने कोई गलती नहीं की और पंजाब को 3-2 से आगे कर दिया। इसके बाद 59वें मिनट में दिल्ली को एक और पेनॉल्टी मिला और इस बार भी दिल्ली नाकाम रही।
दिल्ली की टीम इस समय अंकतालिका में सबसे नीचे है और अब भी उसे पहली जीत की तलाश है। अब तक चार मैचों से दिल्ली की टीम के चार अंक हैं। दिल्ली ने अपने पहले मैच में रांची रेज के खिलाफ ड्रॉ खेला था, जबकि दबंग मुम्बई ने दिल्ली को 3-2 और कलिंगा लैंसर्स ने 1-0 से हराया था।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal