लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) में चल रहा विवाद रविवार को चरम पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री की कार्रवाई के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री प्रो. रामगोपाल को सपा से बाहर कर दिया गया है।
पार्टी सूत्रों से मिली खबर के अनुसार प्रोफेसर रामगोपाल को छह साल के लिये पार्टी से बाहर किया गया है। रामगोपाल पर यह एक्शन मुख्यमंत्री द्वारा शिवपाल यादव समेत चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करने के बाद हुआ है।
दरअसल रामगोपाल ने आज एक पत्र जारी कर मुख्यमंत्री का समर्थन किया था। मंत्रिमंडल से बर्खास्त होने के बाद शिवपाल ने भी रामगोपाल पर भाजपा से मिले होने का आरोप लगाया है।
रामगोपाल सपा मुखिया मुलायम सिंह के चचेरे भाई हैं और पार्टी के थिंक टैंक माने जाते हैं। वह वर्तमान में राज्य सभा से सांसद हैं। सपा परिवार में मची रार के बीच वह बार-बार मुख्यमंत्री के समर्थन में बोलते रहते हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal