Saturday , April 27 2024

दिल्ली दोहराने को तैयार हैं पंजाब वासी: केजरीवाल

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमों एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पंजाब के लोग दिल्ली विधानसभा चुनाव का घटनाक्रम दोहराने के लिए तैयार हैं और आम आदमी पार्टी पंजाब में अपने बल पर सरकार बनाएगी।

पंजाब में चुनाव प्रचार करके चंडीगढ़ लौटे अरविंद केजरीवाल अब चार फरवरी की शाम तक चंडीगढ़ में रूकेंगे और यहीं से पूरे पंजाब की रिपोर्ट लेंगे। केजरीवाल ने यूटी गैस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज पूरे पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को राजनैतिक विकल्प के रूप में स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने कहा कि समूचे पंजाब के लोगों में अकाली-भाजपा गठबंधन के खिलाफ भारी रोष पाया जा रहा है। पंजाब में सरकार विरोधी लहर का सीधा लाभ आम आदमी पार्टी को मिल रहा है।

कांग्रेस की इस बार भी पंजाब में दाल नहीं गलेगी। पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान 400 से अधिक जनसभाओं को संबोधित करने वाले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस पूरे चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने खुद राज्य के लगभग सभी हलकों का दौरा किया है।

आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों को इस बात का अहसास करवाने में कामयाब रही है कि अकाली-भाजपा गठबंधन ने इस प्रदेश को विकास के मामले में पचास साल पीछे धकेल दिया और कांग्रेस के पास आज भी यहां के लोगों को देने के लिए कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं है।

लोगों के समर्थन के आधार पर आप पंजाब में अपने बल पर सरकार बनाने में कामयाब होगी। आप कार्यकर्ताओं का अगला निशाना हिमाचल और गुजरात है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com