Monday , April 29 2024

नए साल के जश्न में पूर्व विधायक ने चलाई गोली, महिला के सिर में लगी

दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी में सोमवार रात नए साल के जश्न के दौरान जदयू के पूर्व विधायक राजू कुमार सिंह ने गोली चला दी। गोली एक महिला के सिर में जाकर लगी, जिससे वह घायल हो गईं। पुलिस को दी शिकायत में महिला के पति ने पूर्व विधायक को आरोपी बनाया है।

फतेहपुर बेरी के मांडी गांव में पूर्व विधायक राजू कुमार सिंह की मां का फार्म हाउस है। राजू कुमार मुजफ्फरपुर के साहबगंज से 2010 में विधायक चुने गए थे। सोमवार रात फार्म हाउस पर पार्टी थी। इसमें व्यवसायी विकास गुप्ता पत्नी अर्चना के साथ मौजूद थे। विकास ने बताया कि पूर्व विधायक पार्टी में फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली उनकी पत्नी को जाकर लगी। आनन-फानन में उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। विकास की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक एवं अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

 

पुलिस दे रही दबिश

महिला के पति की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि इस फार्म हाउस पर पूर्व विधायक अपनी मां-पत्नी और दो भाइयों के साथ रहते हैं।

‘मैंने फायरिंग नहीं की’

पूर्व विधायक राजू कुमार सिंह का कहना है कि फार्म हाउस में पार्टी चल रही थी। लोग सामान्य शोरगुल कर रहे थे। मैंने या मेरे किसी समर्थक ने फायरिंग नहीं की है। बाहर से फायरिंग की अफवाह फैलाई गई। तफ्तीश में पुलिस का साथ देंगे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com