पटना साहिब के भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पार्टी नेतृत्व के खिलाफ लगातार आक्रामक होते जा रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने साफ कहा कि मैं मोदी कैबिनेट में मंत्री इसलिए नहीं बना, क्योंकि लालकृष्ण आडवाणी के कैंप का था। सिन्हा मंगलवार को यहां एक निजी चैनल के कार्यक्रम में सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ लेने के लिए नहीं आया हूं। इसलिए सच्चाई के साथ सब कहता हूं। भाजपा में परिवारवाद की जगह व्यक्तिपूजा ने ले ली है। लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलती। नोटबंदी ठीक नहीं लगी। बोल दिया कि इसके चलते लोगों को नौकरी चली गई।
सिन्हा ने कहा कि एक बार फीडबैक देने के लिए पीएम से मिलना चाहता था। कहा गया कि पार्टी अध्यक्ष से मिल लीजिए। व्यक्ति से बड़ी पार्टी और पार्टी से बड़ा देश होता है। मैं देशहित की बात करता हूं। भाजपा सांसद ने कहा-टीवी एक्ट्रेस को मंत्री बना दिया गया। मुझे क्यों कहा जाता है कि आप फिल्मों से हैं। आपको अनुभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि अटलजी के समय लोकशाही थी। आज तानाशाही है। भाजपा छोड़ने के सवाल पर सिन्हा ने कहा कि भाजपा मुझे क्यों नहीं निकाल देती। अच्छे दिन अब तक नहीं आए।
सिन्हा ने चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि यह सच है कि गंगा मां ने मुझे बुलाया है। इसलिए पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र हमारी पहली, दूसरी और आखिरी पसंद है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ की। बोले-अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने तीन राज्यों में जीत हासिल की। इससे ज्यादा क्या चाहिए?
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal