नई दिल्ली। ऑल इंडिया रेडियो 23 अगस्त, 2016 को “आकाशवाणी मैत्री” शीर्षक से बांग्लादेश और बंगाली प्रवासी भारतीयों के लिए विशेष सेवा का शुभारंभ करेगा। इस चैनल का उद्धाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करेंगे। यह जो दोनों देशों के बीच सौहार्द सेतू के रूप में कार्य करेगा। भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध पर डॉक्युमेंट्री फिल्म बनाएंगे।सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम.वैंकेया नायडू और बांग्लादेश के सूचना मंत्री हसनउल-हक-इनू के बीच यहां बुधवार को हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी। नायडू ने कहा कि डॉक्युमेंट्री के लिए फिल्म प्रभाग, दूरदर्शन और अन्य मीडिया इकाईयों के पास उपलब्ध अभिलेखीय सामग्री का अधिक से अधिक उपयोग किया जाएगा। इस डॉक्युमेंट्री को 2021 में बांग्लादेश की स्वाधीनता की 50वीं सालगिरह के अवसर पर प्रदर्शित करने का प्रस्ताव है। इस मौके पर नायडू ने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सूचना का प्रसार महत्वपूर्ण है, जो भारत और बांग्लादेश दोनों के लिए चिंता का विषय है। समय पर सही सूचना के प्रचार प्रसार से अफवाहों और झूठ से बचा जा सकता है तथा लोगों के बीच सहयोग और समझ की भावना भरी जा सकती है। चर्चा के दौरान भारत और बांग्लादेश कई मुद्दों पर सहयोग के लिए राजी हुए। इसके अलावा दोनों देश संयुक्त दृश्य-श्रव्य सह निर्माण के समझौते के प्रस्ताव पर मिलकर कार्य करने पर सहमत हुए। बांग्लादेश में भारतीय फिल्म महोत्सव और भारत में बांग्लादेश फिल्म महोत्सव आयोजित करने पर भी सहमति बनी। इस दौरान दोनों मंत्री मीडिया के लोगों, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संबद्ध अधिकारियों तथा दूरदर्शन और बांग्लादेश में उसके समकक्ष के बीच आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने और प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमत हुए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal