मुंबई। राज्य में सायबर क्राइम पर नकेल कसने के लिए एक साथ 44 सायबर लैब स्वतंत्रता दिवस पर शुरु की जाएंगी। मुंबई में इनका सामूहिक तौर पर उद्धाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। राज्य के गृह विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योगमंत्री सुभाष देसाई, महापौर स्नेहल आंबेकर, सांसद अरविंद सावंत, भाजपा विधायक राज के. पुरोहित सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मिली जानकारी के अनुसार राज्य में बढ़ रहे सायबर क्राइम को देखते हुए सायबर लैब की स्थापना करना जरुरी था। राज्य के ग्रामीण पुलिस स्टेशनों में सायबर लैब न होने की वजह से जांच कार्य में अनावश्यक देरी होती थी, जिससे अपराधियों पर पुलिस की धाक नहीं बैठ पाती थी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने हर पुलिस मुख्यालय परिक्षेत्र में सायबर लैब शुरु किए जाने का आदेश दिया था। इसके फलस्वरुप राज्य में 44 सायबर लैब बनाए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस को इन सभी सायबर लैब का उद्घाटन किया जाएगा, इससे राज्य में सायबर क्राइम पर लगाम लग सकेगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal